उपायुक्त ने ब्लड बैंकों का किया औचक निरीक्षण, संचालन व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को एमजीएम अस्पताल, सदर अस्पताल तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लड बैंक संचालन की स्थिति, रक्त संग्रहण, परीक्षण, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ब्लड बैंक संचालन में भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रक्तदान, संग्रहण और वितरण की प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुरक्षित ढंग से की जानी चाहिए।
एमजीएम अस्पताल निरीक्षण के दौरान उन्होंने CB NAT मशीन की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। वहीं सदर अस्पताल जमशेदपुर में उन्होंने ब्लड सेपरेशन यूनिट की स्थापना हेतु विभागीय पत्राचार शीघ्र कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जमशेदपुर ब्लड बैंक की व्यवस्था को उपायुक्त ने संतोषजनक पाया। उन्होंने ब्लड बैंक प्रबंधन को सरकार द्वारा निर्गत गाइडलाइन का पालन करते हुए रक्तदान और संचालन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

