टेल्को में दिनदहाड़े चेन स्नैचर की लाइव पिटाई, भीड़ ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने सड़क पर जा रही महिला से सोने की चेन छीन ली। घटना टेल्को स्टेडियम के पास की बताई जा रही है। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और मदद के लिए पुकार लगाई। आवाज सुनते ही आसपास के लोग सतर्क हो गए और आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर भाग रहे युवक को राहगीरों ने घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है तथा उसकी पहचान और आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। वहीं पीड़ित महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना में राहगीरों की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है, जिनकी सूझबूझ से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

