परसुडीह समेत कई क्षेत्रों में JNAC से सफाई व्यवस्था लागू करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मल्लिक ने परसुडीह क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने मांग की है कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह, हलुदबनी, प्रमोथनगर, हरहरगुट्टू और करनडीह जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था शुरू की जाए। इन क्षेत्रों में लगभग दो लाख की आबादी निवास करती है, जहां कचरा निष्पादन की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
पूर्णिमा मल्लिक ने कहा कि जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहने से गंदगी फैल रही है और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर इन इलाकों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस संबंध में समाजसेवी मानिक मल्लिक ने भी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कहा कि परसुडीह और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि JNAC के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था लागू कर लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

