जिला परिषद की बैठक में डॉ. परितोष सिंह ने उठाई गोविंदपुर घोड़ाबांधा की समस्याएं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला परिषद की सामान्य बैठक में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने गोविंदपुर और घोड़ाबांधा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ. सिंह ने गोविंदपुर जलापूर्ति योजना से वंचित बस्तियों में पेयजल आपूर्ति शुरू करने, खराब पड़े करीब 20 जलमीनारों की मरम्मत, जले ट्रांसफार्मरों को बदलने और जल कर वसूली को व्यवस्थित करने की मांग की। उन्होंने शहीद निर्मल महतो मध्य उच्च विद्यालय, घोड़ाबांधा के जर्जर भवन की मरम्मत और चार नए कमरों के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इसके अलावा पश्चिम छोटागोविंदपुर में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, जर्जर बिजली तार और पोल बदलने, नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई।
उन्होंने दक्षिण मध्य छोटागोविंदपुर पंचायत भवन के लंबित निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने, छोटागोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गोविंदपुर क्षेत्र में ही कराने, टाटा पावर की सीएसआर योजना के तहत स्कूलों में नियुक्त शिक्षकों को हटाने के निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा गोविंदपुर में वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे पार्क में कथित अनियमितताओं की जांच की भी मांग की।
डॉ. परितोष सिंह द्वारा उठाए गए इन जनहित के मुद्दों पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

