जमशेदपुर में मौसम का बदला मिजाज, तेज हवा-बारिश के साथ गिरे ओले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, वहीं कई इलाकों में ओलावृष्टि (बर्फबारी) भी देखने को मिली। मौसम के इस बदले रूप से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवा और ओलों ने जनजीवन को कुछ समय के लिए प्रभावित कर दिया।
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे आवागमन बाधित हुआ। अचानक आई बारिश और ओलावृष्टि से बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है और अगले 24 घंटों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

