आवारा पशुओं पर नियंत्रण व शेल्टर हाउस निर्माण की मांग, प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ़ वर्ल्ड के झारखंड प्रदेश महासचिव शशि आचार्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण हेतु पाँच सूत्री मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों, सांडों और मवेशियों की संख्या बढ़ने से दुर्घटनाएँ, हमले और नागरिक असुरक्षा की घटनाएँ तेज़ी से बढ़ी हैं। संस्था ने मांग की कि सड़कों पर आवारा पशुओं की आवाजाही पर रोक लगे, स्थायी शेल्टर होम का निर्माण हो, कुत्तों की नसबंदी व्यवस्था सुधारी जाए तथा नागरिक सुरक्षा हेतु त्वरित कदम उठाए जाएँ।
शशि आचार्य और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर संस्था आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

