रिपोर्ट – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शासन गांव में एक 20 वर्षीय युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल सिंह मुंडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों ने बताया कि अनिल बीती रात करीब 10 बजे घर लौटा था। भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। रात में किस समय यह घटना घटी, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजनों की नजर घर के समीप महुआ के पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक अपने दो भाइयों के साथ शासन गांव में किराए के मकान में रह रहा था। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। परिजन गहरे सदमे में हैं और किसी भी प्रकार की आशंका जाहिर करने की स्थिति में नहीं हैं। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

