रिपोर्ट – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले के रामचंद्रपुर पेट्रोल पंप के समीप मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन (संख्या JH05DM8864) का एक टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद वाहन सड़क किनारे रुक गया, लेकिन चालक काफी देर तक गाड़ी से बाहर नहीं निकला। इससे आसपास के स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और वे मौके पर पहुंचे। जब लोगों ने वाहन के अंदर झांककर देखा तो चालक अचेत अवस्था में पाया गया। दरवाजा नहीं खुलने पर काफी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः खिड़की का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अजय प्रताप सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि चालक की मौत हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सहायता सेवाओं को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

