राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
प्रखंड सभागार में आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों के साथ सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह गम्हरिया सीओ प्रवीण कुमार ने बैठक कर आगामी अप्रैल माह में प्रारंभ हो रहे एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों की उन्हें जानकारी देते हुए इस कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील पार्षदों से किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं का प्रतिनियुक्त बीएलओ द्वारा मैपिंग किया जाना है। साथ ही, एएसडीडी की सूची तैयार किया जाएगा। इस सूची में अनुपस्थित मतदाता, मृत मतदाता, अन्यत्र जा चुके मतदाता तथा दो स्थानों पर सूची में नाम दर्ज कराए गए मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा। सीओ ने कहा कि पार्षदों के सहयोग से इस कार्यक्रम को शत प्रतिशत निर्धारित अवधि में पूर्ण करना संभव है। बैठक में नगर निगम के सभी पार्षद उपस्थित थे।

