बस स्टैंड के पीछे कुएं में मिला 24 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई दोस्तों पर हत्या की आशंका।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पीछे एक कुएं से 24 वर्षीय सन्नी यादव का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। मृतक किशनपुर मोहल्ले (वार्ड 22) का रहने वाला था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और दो बहनों का एकमात्र सहारा छिन गया है, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता भरत यादव ने बताया कि दोपहर में ही निकला था पूछे कहा जा रहा है तो बोला आ रहे लेकिन रात 8 बजे कॉल किये तो फ़ोन नही लगा उसके बाद सुबह ग्रामीणों द्वारा ने बताया कि सनी यादव का शव कुआं में डाला हुआ है

जिसके बाद सन्नी के दोस्तों पर ही साजिश के तहत हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के दर्द को इसलिए भी गहरा झटका लगा है, क्योंकि महज 6 महीने पहले सन्नी की चाची की भी संदिग्ध हालत में हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में आक्रोशित परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं थे, लेकिन एएसआई दुखी राम महतो के समझाने-बुझाने पर वे मान गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

