झारखंड में मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित, सिक्किम में 1,000 दीये जलाए गए
रांची/गंगटोक, 17 सितंबर भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर कहा कि पार्टी ने राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए, वहीं सिक्किम सरकार ने राज्यव्यापी स्वच्छता एवं सफाई अभियान की शुरुआत की और गंगटोक के रिज पार्क में 1,000 दीये जलाए गए।
साहू ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा ने पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जबकि शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम के तहत खासकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।
विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने दिव्यांगों को 38 लाख रुपये के 1,391 सहायक उपकरण वितरित किए।
सिक्किम में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की मौजूदगी में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की गई।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्यभर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना तथा नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम में ‘क्लीन हिल हिमालयन सिटीज इनिशिएटिव’ का लोगो भी जारी किया गया। इस दौरान पांच मोबाइल ट्रीटमेंट यूनिट, दो सेसपूल वाहन और 10 संसाधन पुनर्प्राप्ति वाहनों समेत 17 वाहन रवाना किए गए।

