*बखरी विधायक की दरियादिली: घायल छात्रा के लिए काफिला रोक खुद अस्पताल ले गए गन्ना मंत्री संजय पासवान*
*खास रिपोर्ट – नितेश सिंह राजपूत*
*बेगूसराय/बखरी/गढ़पुरा।* जब सड़क किनारे एक बेटी दर्द से तड़प रही थी और कोई देखने वाला नहीं था, तब एक नेता नहीं बल्कि एक इंसान बनकर बखरी विधायक सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने दरियादिली दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की।
घटना बीते रविवार 27 सितंबर की है। गढ़पुरा के पास मालीपुर वार्ड-13 निवासी शत्रुघ्न पासवान की पुत्री बी.ए. की छात्रा स्वीटी कुमारी साइकिल से मालीपुर से गढ़पुरा जा रही थी। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क किनारे गिरकर दर्द से तड़प रही थी।
उसी दौरान अपने क्षेत्र भ्रमण से लौट रहे मंत्री संजय पासवान का काफिला वहां से गुजर रहा था। घायल छात्रा पर नजर पड़ते ही मंत्री ने तुरंत काफिला रुकवाया। वे खुद गाड़ी से उतरे और बिना एक पल गंवाए सहयोगियों के साथ छात्रा को उठाकर अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
समय पर अस्पताल पहुंचने से छात्रा की जान सुरक्षित हो पाई। डॉक्टरों के अनुसार अगर 10 मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। छात्रा अब खतरे से बाहर है और सुरक्षित घर लौट आई है।
मंत्री के इस मानवीय कार्य की पूरे बखरी विधानसभा में जमकर तारीफ हो रही है। स्थानीय लोग कह रहे हैं – “आज के दौर में ऐसे नेता बहुत कम मिलते हैं जो काफिला रोककर एक गरीब की बेटी के लिए खुद अस्पताल भागे।” इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
*क्या कहते हैं मंत्री -*
इस पर गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा, “ऐसे कठिन समय में किसी जरूरतमंद की मदद करना हमारा मानवीय और सामाजिक दायित्व है। ईश्वर से घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इंसानियत से बढ़कर कुछ नहीं।”

