छौड़ाही में प्रखंडस्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा।आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश।अधिकारियों से लिया गया फीडबैक।
छौड़ाही। प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिया कुमारी ने की। इसमें प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर समीक्षा की गई।बीडीओ प्रिया कुमारी ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, बाल विकास, आपूर्ति, अंचल सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से विभागवार जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे कार्यों की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लोगों की समस्याओं के संबंध में फीडबैक लिया।बैठक में विद्युत विभाग के अभियंता पवन कुमार, अंचलाधिकारी चंद्रप्रकाश पांडेय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनूप लाल जायसवाल तथा कृषि विभाग के मनोज कुमार समेत अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।बीडीओ ने कहा कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। क्षेत्र से प्राप्त होने वाली शिकायतों का संबंधित विभाग के अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में मनरेगा से ओमप्रकाश कुमार एवं मेघनाथ सहित अन्य कर्मी और पदाधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी बीडीओ को दी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।

