बिजली संकट पर भाजपा का हल्ला बोल: स्मार्ट मीटर ओवर बिलिंग और कटौती के खिलाफ आकाशवाणी चौक पर जोरदार धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिजली उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती समस्याओं, स्मार्ट मीटर में ओवर बिलिंग, बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि, अघोषित बिजली कटौती तथा खराब विद्युत आपूर्ति के विरोध में भारतीय जनता पार्टी सरायकेला-खरसावां जिला इकाई द्वारा आज आकाशवाणी चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं आक्रोशपूर्ण घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला प्रभारी अभय सिंह, मेयर संजय सरदार, पूर्व उपमहापौर अमित सिंह , महामंत्री भूषण मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष शंभू मंडल, सारथी महतो, रितिका मुखी, देवेश महापात्रा, जिला मंत्री रूपेश वर्मा, सतीश शर्मा, ललन शुक्ला, सभी मंडल अध्यक्ष सहित जिला एवं प्रदेश के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा की प्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अमितेश अमर ने किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज आम जनता महंगी बिजली, अनियमित आपूर्ति और अव्यवस्था से परेशान है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को मनमाना बिल भेजा जा रहा है, जबकि दूसरी ओर पर्याप्त बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित नहीं की जा रही है। बिना सूचना बिजली काट देना और उपभोक्ताओं को परेशान करना अब आम बात हो गई है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर कनेक्शन की प्रक्रिया में भी व्यापक अनियमितता एवं दलाली की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भारी आक्रोश है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि जनता पर किसी भी प्रकार का अन्याय और आर्थिक बोझ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर मेयर संजय सरदार ने कहा कि *“जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष हमारी प्राथमिकता है। आदित्यपुर एवं जिले के नागरिकों के हितों की रक्षा हेतु भाजपा सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ती रहेगी।”
कार्यक्रम के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर ओवर बिलिंग पर रोक लगाने, बिजली दरों में राहत देने, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विभागीय अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने अंत में कहा कि जनहित के मुद्दों पर यह संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जनता की आवाज को हर स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।

