बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा सड़कों पर, आज एसएसपी कार्यालय पर आक्रोश-प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने सड़कों पर उतरने का एलान किया है। सोनारी के सीएच एरिया में प्रतिष्ठित व्यवसायी के पुत्र के दिनदहाड़े अपहरण को लेकर भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है और शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने झामुमो–कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जमशेदपुर में हालात 90 के दशक के जंगलराज जैसे हो गए हैं और आम नागरिक, व्यापारी व महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ता शनिवार को सुबह 11 बजे साकची स्थित जिला कार्यालय में एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचेंगे और आक्रोश-प्रदर्शन करेंगे। जिलाध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

