बोकारो में ट्रेजरी स्कैन में बड़ा खुलासा: दरोगा ने फर्जी वेतन के नाम पर हर महीने 15 लाख की निकासी की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो/रांची:झारखंड में ट्रेजरी स्कैन के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। बोकारो जिले में पदस्थ एक दरोगा पर आरोप है कि उसने मिलीभगत कर हर महीने करीब 15 लाख रुपये वेतन के नाम पर ट्रेजरी से निकासी की। यह राशि किसी भी आईएएस, आईपीएस या एडीजीपी स्तर के अधिकारी के वेतन से भी कहीं अधिक बताई जा रही है।
मामले का खुलासा होते ही संबंधित विभाग में अफरा-तफरी मच गई है। ट्रेजरी ऑफिसर भी इस अनियमितता को देखकर अचंभित हैं कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर फर्जी भुगतान कैसे होता रहा और किसी की नजर इस पर क्यों नहीं गई।
सूत्रों के अनुसार, ट्रेजरी स्कैन के दौरान संदिग्ध लेन-देन की जांच में यह मामला उजागर हुआ। प्रारंभिक जांच में मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है, जिसमें विभागीय स्तर पर भी कुछ लोगों की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा रहा है।
विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं, पूरे भुगतान तंत्र की भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी पर रोक लगाई जा सके।
इस घटना के सामने आने के बाद राज्य में वित्तीय अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए
