मिरा रोड से तेलंगाना तक ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार, 20.72 करोड़ की एमडी ड्रग्स व केमिकल्स जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुंबई/ठाणे। मिरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच यूनिट-4 ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में संचालित अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में अब तक 20 करोड़ 72 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स, प्रतिबंधित रसायन और लैब उपकरण जब्त किए गए हैं।
मामले की शुरुआत 4 अप्रैल 2026 को मिरा रोड के नयानगर स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी से हुई, जहां से पुलिस ने 1.324 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। जांच के दौरान पुलिस ने पति-पत्नी समेत कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले मुंबई के विभिन्न इलाकों से भी बड़ी मात्रा में ड्रग्स और रसायन जब्त किए गए थे।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची, जहां संगारेड्डी जिले के जहीराबाद क्षेत्र में दो एकड़ के फार्म हाउस में संचालित ड्रग्स निर्माण इकाई का खुलासा हुआ। छापेमारी में पुलिस ने 3 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, 2213 लीटर प्रतिबंधित रसायन तथा ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त मशीनें और लैब उपकरण बरामद किए। इस जब्ती की कीमत लगभग 6.22 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री देश के विभिन्न हिस्सों में एमडी ड्रग्स की आपूर्ति कर रही थी। पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान तथा आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

