मुंबई में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: ‘अकबर खाऊ’, ‘चुहा’ और ‘भूरा’ एक साल के लिए नजरबंद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुंबई (इंद्र यादव)। नशे के खिलाफ अभियान में मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन कुख्यात ड्रग तस्करों—अहमद शेख उर्फ ‘अकबर खाऊ’, मोहम्मद शेख उर्फ ‘चुहा’ और सरफराज खान उर्फ ‘भूरा’—को PIT-NDPS एक्ट, 1988 के तहत गिरफ्तार कर एक साल के लिए नजरबंद कर दिया है।
तीनों आरोपी मेफेड्रोन (MD) सहित अन्य नशीले पदार्थों के बड़े नेटवर्क से जुड़े थे और पहले भी कई मामलों में पकड़े जा चुके थे। जमानत पर छूटने के बाद दोबारा तस्करी में सक्रिय हो जाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
इसी के चलते पुलिस ने कड़े कदम उठाते हुए PIT-NDPS एक्ट के तहत ‘निवारक निरोध’ लागू किया, जिसके तहत बिना नए अपराध के भी आदतन तस्करों को एक साल तक हिरासत में रखा जा सकता है और जमानत की संभावना बेहद कम होती है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ड्रग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और सप्लाई चेन तोड़ने की रणनीति का हिस्सा है। तीनों आरोपियों को अलग-अलग सेंट्रल जेलों में भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी जमानत का दुरुपयोग करने वाले तस्करों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।

