संविधान दिवस पर डोमजूरी में आधार शिविर, नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का प्रचार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
संविधान दिवस के अवसर पर डोमजूरी पंचायत में गुरुवार को जागरूकता एवं जनसुविधा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पंचायत में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का निःशुल्क आधार पंजीकरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
वहीं, जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने योजनाओं के लाभ और पात्रता की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुखिया अनिता मुर्मू, जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास, उपमुखिया जयगोपाल दास, आसनबनी तरफ के परगना हरिपदो मुर्मू, पंचायत सचिव अमित रोशन बाड़ा, पंचायत सहायक जगदीश दास ओझा, वीएलई विक्रम दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

