*संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
*नारायण प्राइवेट आईटीआई में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का हुआ पाठ*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह में गुरुवार को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। साथ ही न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों पर चर्चा हुई।
संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला होने के साथ प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और न्याय की गारंटी देने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्हें अपने अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान अनुशासन, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समानता, सद्भावना और सामाजिक समरसता को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी संविधान के महत्व पर विचार रखे। सभी ने लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य जयदीप पांडेय, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, निमाई मंडल सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

