आदिवासी मूलवासी अधिकार न्याय संघ ने मनाया संविधान दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
आदिवासी मूलवासी अधिकार न्याय संघ की ओर से गुरुवार को हाता चौक पर संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संघ के संरक्षक एवं पोटका विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी चंद्रायन माहली ने भगवान बिरसा मुंडा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए माहली ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है लेकिन विडंबना है कि संविधान के आदर्शों और प्रावधानों की लगातार अनदेखी हो रही है। प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचनाएं भी सही तरीके से उपलब्ध नहीं कराई जातीं। वहीं, गरीब और जरूरतमंदों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी समुचित ढंग से नहीं मिल रहा है। आगे कहा कि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संघ की ओर से प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में सिनगो माझी, छाती हांसदा, देवशोरी सरदार, केशोवती महतो, रायमती सरदार, संजू सरदार, सखी सरदार, मौसमी सरदार, निर्मला सरदार, आरती सरदार, बुधन सरदार, जोबा मार्डी और नेहा हेंब्रम सहित अन्य उपस्थित थे।

