हर आठवें दिन चोरी, पुलिस को खुली चुनौती दे रहे चोर
*नवंबर में तीन बड़ी वारदातों से लाखों की संपत्ति साफ, न चोरों का सुराग मिला और न चोरी का सामान बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे लगभग हर आठवें दिन चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। नवंबर माह में चोरी की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। हर वारदात के बाद पुलिस की जांच और छानबीन का भरोसा तो दिया गया, लेकिन न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी गई संपत्ति बरामद हो सकी। लगातार हो रही घटनाओं ने क्षेत्र में पुलिस की गश्ती और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*आठ दिन के अंतराल पर तीन बड़ी चोरी*
चोरी की पहली घटना 8 नवंबर को दीपावली की रात जुड़ी गांव में हुई। यहां विकास गोप के घर का ताला तोड़कर चोर 45 हजार रुपये नकद और करीब 2.50 लाख रुपये के जेवरात ले उड़े। दूसरी घटना 16 नवंबर को बड़ा भूमड़ी गांव में हुई। यहां देवरंजन मंडल के घर की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने अलमारी में रखे सात लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद 24-25 नवंबर की रात हाता-हल्दीपोखर सड़क पर स्थित एक गोदाम को निशाना बनाया गया। चोर ताला काटकर रेड ब्लू कोल्ड ड्रिंक की 30 पेटियां ले गए, जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
*जांच जारी, नतीजे का इंतजार*
तीनों घटनाओं में लाखों की संपत्ति गंवाने के बावजूद पीड़ितों को अब तक बरामदगी की सफलता नहीं मिली है। इसके अलावा वाहनों से बैटरी चोरी जैसी छोटी घटनाएं भी आए दिन हो रही हैं, जिनमें कई मामले पुलिस तक पहुंच भी नहीं पाते।
*पेट्रोलिंग की कमी भी बनी चिंता*
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पोटका थाने में पुलिस बल की भारी कमी के कारण पर्याप्त रात्रि गश्ती नहीं हो पा रही है। यदि यह स्थिति है तो अपराधियों को इसका लाभ मिलना स्वाभाविक है। सवाल यह है कि आखिर चोरों की इस लगातार सक्रियता पर अंकुश कब लगेगा? हर आठवें दिन हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए महज जांच का मामला नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण की प्रभावशीलता की परीक्षा बन गई हैं।

