गम्हरिया के आयुष कुमार ने यूपीएससी में हासिल किया 143वां रैंक, जिले का बढ़ाया मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी के क्वार्टर संख्या एच-40 निवासी आयुष कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 143वां रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को परिणाम घोषित होते ही उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आयुष के पिता प्रदीप कुमार बंद हो चुकी टायो रोल्स लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में दुर्गापुर में काम कर रहे हैं, जबकि उनकी माता रेणुका कुमारी गृहिणी हैं। दो भाई-बहनों में छोटे आयुष की बहन भी नौकरी कर रही है। आयुष फिलहाल बेंगलुरु में आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं।
आयुष ने वर्ष 2016 में गम्हरिया के विद्या ज्योति स्कूल से 82 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक और 2018 में बिष्टुपुर स्थित चिन्मया विद्यालय साउथ पार्क से 80 प्रतिशत अंकों के साथ प्लस टू की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई कर वर्ष 2023 में 70 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक किया।
नौकरी के साथ ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। आयुष ने बताया कि वह सोमवार से शुक्रवार तक रात 10:30 बजे से 2 बजे तक पढ़ाई करते थे, जबकि रविवार को आराम करते थे। पुलिस अधिकारियों की वर्दी और उनकी सेवा से प्रेरित होकर उन्होंने आईपीएस बनने का लक्ष्य तय किया था।
आयुष की सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके घर पर शुभचिंतकों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना एक मिसाल है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरा सरायकेला-खरसावां जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा

