सड़क सुरक्षा को लेकर सरायकेला में चला जागरूकता अभियान, यातायात नियमों के पालन का दिया गया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शनिवार दिनांक 04.01.26 को एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान गैराज चौक, सरायकेला में परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं सरायकेला थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान आम राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व, गुड समैरिटन कानून, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों तथा सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े जरूरी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और कई वाहन चालकों ने नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।

