दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सशस्त्र डकैती, 5 करोड़ के गहने और 8 लाख नकद लूट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बड़बिल (ओडिशा) बड़बिल थाना क्षेत्र में एसडीपीओ कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दिनदहाड़े सशस्त्र डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 से 6 हथियारबंद बदमाश अचानक बैंक के भीतर घुस आए और गन प्वाइंट पर बैंककर्मियों व ग्राहकों को डराते हुए सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लुटेरे बैंक से 5 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के गहने और करीब 8 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
इतना ही नहीं, अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बैंक का सीसीटीवी डीवीआर भी साथ ले लिया। इस घटना की पुष्टि बैंक के शाखा प्रबंधक पंकज कुमार ने की है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि बैंक में किसी प्रकार का सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़बिल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

