ऋषिकेश में गीता प्रेस की ‘कल्याण’ पत्रिका के शताब्दी अंक का अमित शाह ने किया विमोचन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
ऋषिकेश:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सनातन संस्कृति के ज्ञान की विरासत को संरक्षित करने और उसे कम मूल्य में जन-जन तक पहुंचाने की बात जब भी आती है, तो गीता प्रेस का नाम सबसे पहले लिया जाता है। उन्होंने यह बातें बुधवार को ऋषिकेश में गीता प्रेस की मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक के विमोचन के अवसर पर कही।
अमित शाह ने कहा कि पिछले 100 वर्षों से ‘कल्याण’ पत्रिका राष्ट्र को उसकी संस्कृति और मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रही है। हर दौर में यह पत्रिका भारतीयता की सशक्त आवाज बनी है और समाज को सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि ‘कल्याण’ पत्रिका के अब तक प्रकाशित सभी अंक आने वाले समय में भारतीय विरासत, संस्कृति और सनातन परंपराओं का अध्ययन और अनुसंधान करने वाले लोगों के लिए एक बड़े प्रेरणा-स्रोत के रूप में कार्य करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने गुजराती भाषा में गीता प्रेस के ‘आरोग्य अंक’ का भी विमोचन किया। उन्होंने गीता प्रेस द्वारा धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर किए जा रहे प्रकाशन कार्य की सराहना की और इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

