राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीनी ओपी पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, शहरी इलाकों तथा जंगल-झाड़ियों में संचालित संदिग्ध नशे के अड्डों के खिलाफ सघन अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व ओपी प्रभारी विनय कुमार ने किया। पुलिस टीम ने कई संदिग्ध स्थानों की जांच करते हुए वहां मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। ओपी प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद अभियान चलाया गया। नशे के अवैध कारोबार और नशाखोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर आगे भी नियमित छापेमारी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

