आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दो शूटर समेत चार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को हुए मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस ने दो शूटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
उन्होंने बताया कि हत्या के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गोकुलनगर शिव मंदिर के पास से मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू तथा मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और दोनों मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद रहीम को गिरफ्तार किया तथा दो नाबालिगों को निरुद्ध किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शहबाज और रेहान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले की गहन जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

