स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दुमका। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शुक्रवार को लोक भवन और पुलिस लाइन मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, झंडोत्तोलन स्थल, मंच एवं आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि समारोह के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य पूरा करें।
निरीक्षण के बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, पुलिस लाइन का भी दौरा किया। इस दौरान बच्चों से संवाद कर पढ़ाई की जानकारी ली और शिक्षकों को नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

