कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा से छेड़खानी का आरोप, सीएचसी प्रभारी पर जांच के आदेश से मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और छेड़खानी के गंभीर आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. जयंतो कुमार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सिविल सर्जन और जिला शिक्षा पदाधिकारी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने बताया कि लिखित शिकायत के अनुसार विद्यालय की एक छात्रा 2 फरवरी को बीमार होने पर इलाज के लिए सीएचसी गई थी, जहां प्रभारी डॉक्टर पर छात्रा के साथ अश्लील बातचीत करने का आरोप लगाया गया है। जांच टीम मामले की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट उपायुक्त चंदन कुमार को सौंपेगी। घटना कई दिनों तक दबाई गई, लेकिन मामला सार्वजनिक होते ही शनिवार को जगन्नाथपुर सीएचसी में डॉक्टरों, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रभारी पर लगे आरोप को बेबुनियाद बताते हुए ओपीडी सहित सभी सेवाएं अस्थायी रूप से ठप कर दीं। स्वास्थ्य कर्मियों ने एक लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्यम कुमार और अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और कर्मियों को समझाया, जिसके बाद दोपहर बाद ओपीडी सेवा बहाल हुई। एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगने का अर्थ यह नहीं कि जनसेवा बाधित हो, साथ ही आश्वस्त किया कि निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

