रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गम्हरिया में औचक निरीक्षण किया। अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने स्थानीय केपी इंडेन एलपीजी गोदाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिलीं। निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालक कालीपद सोरेन भी मौके पर मौजूद रहे और जांच प्रक्रिया में सहयोग करते नजर आए।

अंचल अधिकारी ने सीधे उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, जिसमें लोगों ने बताया कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई बार उनकी बारी आने से पहले ही गैस सिलेंडर समाप्त हो जाते हैं, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। जांच के दौरान गोदाम के बही-खातों और उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें प्रतिदिन 700 से अधिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण की पुष्टि हुई, जो कागजी तौर पर संतोषजनक पाया गया। हालांकि, जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं की परेशानी को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने इसे व्यवस्था की खामी माना और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्णय लिया।

अंचल अधिकारी ने एजेंसी संचालक के साथ बैठक कर वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने पर जोर दिया। बैठक में अहम निर्णय लेते हुए यह तय किया गया कि जिन उपभोक्ताओं को उसी दिन गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता है, उन्हें टोकन जारी किया जाएगा, ताकि उन्हें बार-बार लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी से राहत मिल सके। इस नई व्यवस्था को उपभोक्ताओं ने सकारात्मक कदम बताते हुए राहत की उम्मीद जताई है। अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रशासन उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

