राष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी–एसएसपी ने किया कार्यक्रम स्थल व रूट लाइन का निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसम्बर 2025 को जमशेदपुर आगमन के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा हेतु जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने करनडीह स्थित जाहेर स्थल, एयरपोर्ट परिसर तथा प्रस्तावित रूट लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने माननीय राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन एवं कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, सम्मान, गरिमा और प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन को बैरिकेडिंग, रूट लाइन क्लियरेंस, पार्किंग प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
एयरपोर्ट परिसर में राष्ट्रपति सचिवालय एवं सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगमन–प्रस्थान से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं रूट लाइन निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, निर्बाध आवागमन एवं आपात सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
करनडीह स्थित जाहेर स्थल पर आगन्तुकों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, डीटीओ, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विद्युत, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की जा रही है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्यक्रम सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

