दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने दिए सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब समेत जिले के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास, आपातकालीन मार्ग, पार्किंग और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर निकायों को सफाई, कचरा उठाव, प्रकाश और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को खुले व असुरक्षित तारों की जांच तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया। डीसी ने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और समन्वय बनाए रखने की अपील की।
विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट से किसी तरह का विचलन नहीं करने, घाटों पर वॉलंटियर तैनात करने तथा विसर्जन घाटों की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

