
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ताम्र मैदान, मऊभंडार (घाटशिला) में आयोजित तीन दिवसीय आदिवासी महोत्सव के समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान घाटशिला पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आम लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस की ओर से मंच के माध्यम से लोगों को NDPS (मादक पदार्थों से संबंधित अपराध), साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। पुलिस ने युवाओं से नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
घाटशिला थाना प्रभारी भूषण कुमार ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सिविल सोसाइटी, जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों और प्रेस-मीडिया के प्रतिनिधियों से सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
पुलिस ने संकल्प जताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने, साइबर अपराधों की रोकथाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।

