पूर्णिया में तेजाब हमला: जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर 5 लोग झुलसे, 3 आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिहार के पूर्णिया जिले के बड़हरा बाजार दुर्गा मंदिर के पास सोमवार को तेजाब हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई। जातिसूचक शब्द का विरोध करने पर 8 लोगों ने मिलकर 5 व्यक्तियों पर तेजाब फेंक दिया, जिसमें 3 गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 2 आंशिक रूप से घायल हुए हैं।
घायलों में मृत्युंजय कुमार, हिमांशु कुमार, निलेश कुमार, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। गंभीर घायलों को पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने 3 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ितों का आरोप है कि राजीव सोनार नामक व्यक्ति ने पहले जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट की थी। सोमवार को मौका पाकर उसने अपने साथियों के साथ तेजाब से हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में जुटी है।


