जमशेदपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन, 29 से 31 जनवरी तक जुटेंगे देश-विदेश के शिक्षाविद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 29 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रही है, जिसमें देश-विदेश से शिक्षाविदों, प्रोफेसरों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतिष्ठित संगोष्ठी के लिए भारत सहित विभिन्न देशों से 200 से अधिक शिक्षाविद, प्रोफेसर, शोधकर्ता और विद्यार्थी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। संगोष्ठी के दौरान शिक्षा, समाज, संस्कृति, तकनीक तथा समकालीन चुनौतियों से जुड़े कई अहम विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ जाएगी। संगोष्ठी की संरक्षक कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो० (डॉ०) अंजिला गुप्ता होंगी, जबकि आयोजन की अध्यक्षता जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ० अमर सिंह करेंगे।
प्राचार्य डॉ० अमर सिंह ने बताया कि कॉलेज के 75 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है जब इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी के माध्यम से शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए विचारों, आधुनिक दृष्टिकोणों और नवाचारों पर गहन चर्चा होगी, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षाविदों को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इससे क्षेत्र की शैक्षणिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी और वैश्विक स्तर पर संवाद एवं सहयोग के अवसर प्राप्त होंगे।
आयोजकों ने बताया कि संगोष्ठी के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, शोध पत्र प्रस्तुतिकरण, पैनल चर्चा एवं संवाद सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध निष्कर्ष साझा करेंगे।

