शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, 15 दिनों में बिरसानगर आवास परियोजना में गृह प्रवेश के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शहरी स्थानीय निकायों के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नगर निकाय क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) अंतर्गत बिरसानगर आवासीय परियोजना की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने परियोजना से जुड़े गृह प्रवेश के सभी शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करते हुए 15 दिनों के भीतर लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के तहत निर्धारित सभी लक्ष्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर विकास एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पेयजल आपूर्ति और विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्यों के त्वरित निष्पादन हेतु उपायुक्त ने टाटा स्टील UISL तथा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
उपायुक्त ने सभी शहरी निकाय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री संदीप पासवान, चाकुलिया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी श्री मोटाय बनरा, मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे। इसके अलावा टाटा स्टील JUSCO के उप महाप्रबंधक श्री आर.के. सिंह, टाटा स्टील भूमि विभाग के श्री अमित सिंह तथा लेखा पदाधिकारी श्री चंद्रगुप्त अशोक वर्धन भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति, तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

