सुप्रीम कोर्ट के आदेश से आनंद मोहन को फिर जाना होगा जेल
जी. कृष्णैया हत्याकांड में समयपूर्व रिहाई रद्द, एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। 1994 के गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्राधिकरण के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। 26 नवंबर 2026 को आए फैसले के बाद करीब 32 साल पुराने खबड़ा हत्याकांड की फिर चर्चा शुरू हो गई है।
5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर के खबड़ा में बाहुबली छोटन शुक्ला और उनके चार साथियों की हत्या के विरोध में शवयात्रा निकाली गई थी। इसी दौरान गोपालगंज लौट रहे डीएम जी. कृष्णैया की सरकारी एंबेसडर कार भीड़ के बीच पहुंची। आरोप है कि भीड़ ने उन्हें गाड़ी से खींचकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा गोली मार दी। इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था।
अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने आनंद मोहन समेत सात आरोपितों को दोषी ठहराया था। आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई गई, जिसे दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी।
अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की जेल नियमावली में संशोधन के बाद आनंद मोहन समयपूर्व रिहा हुए थे। जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब अदालत ने रिहाई का आदेश रद्द करते हुए कहा है कि आत्मसमर्पण के बाद नियमानुसार नई प्रक्रिया के तहत सजा में छूट पर विचार किया जा सकता है।

