राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर के लोक अदालत हॉल में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (पीएलवी) के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्घाटन न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह डालसा के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र कुमार, चीफ एलएडीसी विदेश सिन्हा, सीनियर मीडिएटर केके सिन्हा, प्रीति मुर्मू, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं असिस्टेंट एलएडीसी अभिनव कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
धर्मेंद्र कुमार ने पीएलवी को डालसा का सैनिक बताते हुए बाल विवाह के खिलाफ जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और विपरीत परिस्थितियों में भी मनोबल बनाए रखने की अपील की। वहीं, प्रीति मुर्मू ने बाल विवाह में शामिल लोगों के लिए दो साल तक की कैद और एक लाख रुपये तक जुर्माने के प्रावधान की जानकारी दी।