बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला, 100 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। उपायुक्त राजीव रंजन ने बाल विवाह को बच्चों के अधिकार, सुरक्षित भविष्य और समुचित विकास से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए इसकी रोकथाम में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उपायुक्त ने धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी सेविकाओं से जागरूकता फैलाने तथा बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शत्रुञ्जय कुमार ने कहा कि कानून की जानकारी के साथ सामाजिक सोच में बदलाव जरूरी है। सभी पंचायतों में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति गठित करने तथा फ्रंटलाइन वर्करों को संवेदनशील बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
27 नवंबर से जिले में 100 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जोखिम वाले बच्चों की पहचान और परिस्थितियों की मैपिंग कर काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ा जाएगा। धर्मगुरुओं ने कम उम्र में विवाह का विरोध करने, विवाह से पूर्व उम्र की अनिवार्य जांच और बाल विवाह रोकने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यशाला में बाल विवाह निषेध अधिनियम, कानूनी प्रावधानों और बाल संरक्षण तंत्र पर चर्चा हुई। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, डीएसपी, सीडीपीओ, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, धर्मगुरु तथा मुंडा, मानकी और माझी सहित विभिन्न हितधारक उपस्थित थे।

