सर्दी की दस्तक के साथ गांवों में सजी गुड़ की भट्ठियां, चार महीने में 8 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
पुरुलिया, बर्धमान और बांकुड़ा से पहुंचे कारीगर, पटमदा-बोड़ाम-पोटका में सबसे अधिक उत्पादन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ठंड शुरू होते ही पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में खजूर के गुड़ की भट्ठियां सज गई हैं। जिले के करीब 900 गांवों में नवंबर से फरवरी तक चलने वाले इस पारंपरिक कारोबार से चार महीने में करीब 8 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
पुरुलिया, बर्धमान और बांकुड़ा से कारीगर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से खजूर के पेड़ सीजन के लिए 200 से 300 रुपये प्रति पेड़ किराये पर लेते हैं। खजूर के रस से पारंपरिक तरीके से तैयार गुड़ गुणवत्ता के अनुसार 120 से 140 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। ग्राहक अब सीधे भट्ठियों पर पहुंचकर ताजा गुड़ खरीद रहे हैं।
कारोबार से जुड़े रियाज खान और शहजाद खान के अनुसार, एक सीजन में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का निवेश होता है, जबकि पांच से छह लाख रुपये या इससे अधिक कमाई की संभावना रहती है।
पटमदा, बोड़ाम, पोटका और घाटशिला प्रमुख उत्पादन केंद्र हैं। बहरागोड़ा, मुसाबनी, चाकुलिया और धालभूमगढ़ में भी कारोबार तेज है। इस मौसमी व्यवसाय से कारीगरों को रोजगार और ग्रामीणों को पेड़ों के किराये से अतिरिक्त आमदनी मिल रही है।

