राष्ट्र संवाद/ रोसड़ा, समस्तीपुर
रोसड़ा शहर के विकास कार्यों में अब तेजी लाने की तैयारी है। नगर परिषद की सामान्य बैठक में शुक्रवार को विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। सभापति मीरा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी को पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर अगले 20 कार्य दिवस के अंदर काम शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नल-जल योजना, पेयजलापूर्ति, नाला निर्माण और जलनिकासी की समस्याओं पर विशेष चर्चा हुई। वार्ड 4 में लंबित नल-जल योजना की निविदा 15 कार्य दिवस में निकालने तथा वार्ड 16 और 20 में क्षतिग्रस्त एवं जाम पाइपलाइन की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। शहर के खुले एवं क्षतिग्रस्त नालों को चिह्नित कर स्लैब लगाने और विशेष अभियान चलाकर नालों की उड़ाही कराने पर भी सहमति बनी।
मच्छरों के प्रकोप से राहत के लिए हर वार्ड में सात दिनों के अंतराल पर फॉगिंग कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पानी की टंकियों की नियमित सफाई और प्रत्येक छह माह पर अनिवार्य सफाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा के दौरान प्राप्त 3956 आवेदनों की जानकारी दी गई। वहीं वार्ड 1 से 26 तक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण कर ट्रेड लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
सभापति मीरा सिंह ने सभी प्रस्तावों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपसभापति बबिता कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी प्रिंस कुमार, वार्ड पार्शदों सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

