संविधान दिवस पर याद किए गए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर
राष्ट्र संवाद/विभूतिपुर (समस्तीपुर)। संविधान दिवस के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित गांधी- अंबेडकर उद्यान में भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। गांधी-अंबेडकर स्मारक संरक्षण समिति, विभूतिपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गांधी एवं बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू बाबू ने की। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बीडीओ सुनील कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान महज कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। इसकी मूल भावना समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय पर आधारित है। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू बाबू ने बाबा साहेब के संघर्षों और योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक गणराज्य के आदर्शों पर प्रकाश डाला ।
मौके पर अंचल अधिकारी चंद्रशेखर, राजस्व अधिकारी कैलाश प्रसाद मंडल, बीसी रामकुमार राम
किसान सलाहकार प्रेमचंद्र सिंह, सतीश कुमार, मणिकांत मधुकर, पत्रकार राम कुमार, धर्मेंद्र कुशवाहा, महताब आलम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

