जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में 60 आवेदन पर हुई सुनवाई
राष्ट्र संवाद / बेगूसराय
शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनता दरबार में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, भूमि परिमार्जन, रास्ते से संबंधित विवाद, अतिक्रमण, थाना से जुड़े मामले सहित अन्य व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित विभागीय एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा जांच की आवश्यकता है, उनमें वस्तुस्थिति का सत्यापन करते हुए उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही, शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं हो तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर द्वितीय अपील से संबंधित मामलों की भी सुनवाई की गई। इस क्रम में संबंधित विभागों एवं अंचलों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और जिला पदाधिकारी के समक्ष संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। जिला पदाधिकारी ने प्रस्तुत प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनके समाधान के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और पूरी जवाबदेही के साथ उनका निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया।

