संविधान दिवस पर सकरबासा उच्च माध्यमिक विद्यालय को मिली 3 कट्ठा 10 धुर जमीन
राष्ट्र संवाद (खोदावंदपुर)बेगूसराय। संविधान दिवस के अवसर पर चेरियाबरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सकरबासा गांव स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी. 26 नवंबर को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद अत्तर हुसैन ने विद्यालय के लिए कुल 3 कट्ठा 10 धुर जमीन बिहार के राज्यपाल के नाम दान स्वरूप निबंधित करायी. यह निबंधन मंझौल स्थित अवर निबंधन कार्यालय में संपन्न हुआ. इस अवसर पर ग्रामीणों ने बताया कि भारत की संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित संविधान को अंगीकार किया था. इसी ऐतिहासिक दिन विद्यालय के नाम जमीन हस्तांतरण का कार्य संपन्न होना क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर है. मिली जानकारी के अनुसार कुल 3 कट्ठा 10 धुर जमीन में 17.5 धुर जमीन सकरबासा निवासी जागेश्वर राय ने अपनी ओर से दान की है. वहीं शेष 2 कट्ठा 12.5 धुर जमीन वर्ष 2012 में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्रित कर खरीदी थी. यह जमीन सात ग्रामीणों ब्रजनंदन यादव, रामचरित्र महतो, अर्जुन पासवान, राधा कृष्णन यादव, रंजीत यादव, हरेराम राय एवं निर्धन महतो के नाम से विद्यालय के लिए खरीदी गयी थी. ग्रामीणों के अनुसार प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी के कारण जमीन का हस्तांतरण लंबे समय से लंबित था. इसके लिए कई बार प्रयास किये गये. आखिरकार छठे प्रयास में निबंधन की प्रक्रिया पूरी हो सकी.

