लोटस रेजिडेंसी का गंदा पानी पड़ोसी के घर घुस रहा, कार्रवाई हो : सरयू राय
बिना सिवरेज-ड्रेनेज व्यवस्था के बनी बहुमंजिली इमारत से वर्षों से परेशान है पड़ोसी परिवार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो की परमेश्वर कॉलोनी स्थित बहुमंजिली इमारत ‘लोटस रेजिडेंसी’ से निकलने वाले दूषित पानी के पड़ोसी के घर में घुसने की शिकायत पर उपायुक्त को पत्र लिखकर जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक आपराधिक कार्रवाई करने का भी आग्रह किया है।
सरयू राय के अनुसार, भवन में सिवरेज और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मलयुक्त पानी सड़क पर बहता है और पड़ोसी चंद्रशेखर प्रसाद सिंह के घर में प्रवेश कर जाता है। निर्माण के समय से ही परिवार इस समस्या से परेशान है। बरसात में स्थिति और नारकीय हो जाती है।
विधायक ने भवन के स्वीकृत नक्शे और निर्माण की वैधता पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान मानगो महापौर सुधा गुप्ता ने इसी लोटस रेजिडेंसी के एक फ्लैट को अपना आवासीय पता बताया है।
सरयू राय ने उपायुक्त से भवन निर्माण, नक्शा स्वीकृति और सिवरेज-ड्रेनेज व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम को भी भेजी गई है।

