प्रो. अच्युत सामंत को एनआईटी जमशेदपुर की 79वीं मानद डॉक्टरेट उपाधि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। KIIT और KISS के संस्थापक, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी प्रोफेसर डॉ. अच्युत सामंत को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर ने 29 नवंबर को आयोजित 16वें दीक्षांत समारोह में मानद डॉक्टरेट (डॉक्टर ऑफ लिटरेचर) की उपाधि से सम्मानित किया। यह उनके जीवन की 79वीं मानद डॉक्टरेट उपाधि है। नीति आयोग के सदस्य एवं समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. गोबर्धन दास ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर एनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष सुनील अलग, निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार और पूर्व केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। यह सम्मान शिक्षा, सामाजिक विकास, मानव सेवा, खेल एवं नेतृत्व के क्षेत्र में प्रो. सामंत के उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देता है।
इस उपलब्धि पर प्रो. सामंत ने एनआईटी जमशेदपुर के अधिकारियों और पूरे संस्थान परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि KIIT और KISS के माध्यम से किए जा रहे कार्यों को इस सम्मान के जरिए मान्यता मिलना उनके लिए गौरव की बात है।
इससे पहले जमशेदपुर पहुंचने पर टाटा स्टील की ओर से उनका भव्य अभिनंदन किया गया। उत्कल एसोसिएशन ने भी समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया, जिसमें बड़ी संख्या में ओड़िया समाज के लोग शामिल हुए。

