विधायक पूर्णिमा साहू और सरयू राय बने विहिप के हितचिंतक सदस्य
जमशेदपुर में विशेष संपर्क अभियान के तहत हजारों लोगों ने ली सदस्यता, हिंदू हितों में सेवा कार्यों को गति देने का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से संचालित हितचिंतक सदस्यता अभियान के तहत जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को हितचिंतक सदस्य बनाया गया। रविवार को जमशेदपुर में चलाए गए विशेष संपर्क अभियान के दौरान दोनों विधायकों ने विहिप की हितचिंतक सदस्यता ग्रहण की।
विहिप सिंहभूम विभाग के मंत्री अरुण सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद प्रत्येक तीन वर्ष के अंतराल पर देशभर में हितचिंतक सदस्यता अभियान चलाता है। इस वर्ष अभियान 6 नवंबर से 22 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार को जमशेदपुर में विशेष अभियान के दौरान हजारों लोगों को हितचिंतक सदस्य बनाया गया। इस क्रम में शहर के अनेक चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक और व्यवसायियों ने भी सदस्यता ग्रहण की।
अरुण सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक हिंदू समाज के लोगों को विश्व हिंदू परिषद से जोड़कर संगठन को मजबूत बनाना है। हितचिंतक सदस्यों से प्राप्त राशि का उपयोग हिंदू समाज के उत्थान, सेवा कार्यों, मंदिरों की रक्षा, गौ संरक्षण तथा अन्य हिंदू हित से जुड़े कार्यों में किया जाता है।
विशेष संपर्क अभियान में विहिप के अध्यक्ष अजय गुप्ता, चंद्रिका भगत, डॉ. भोला लोहार, मनीष कुमार, आलोक कुमार सिंह, अमित कुमार, शारदा, विनय कुमार शर्मा और रमेश कुमार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

