खड़पोस में रक्तदान शिविर, 156 यूनिट रक्त संग्रह
*खड़पोस में पहली बार होगा इतिहाद-ए-मिल्लत व इस्लाह-ए-मुआशरा सम्मेलन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड अंतर्गत खड़पोस मैदान में पहली बार आयोजित होने वाले इतिहाद-ए-मिल्लत व इस्लाह-ए-मुआशरा सम्मेलन से पूर्व मंगलवार को अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में कुल 156 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान हेलमेट, प्रमाण पत्र और कंबल का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और सिविल सर्जन डॉ. मीना कलुण्डिया समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और सामाजिक एकता व सुधार के उद्देश्य से आयोजित सम्मेलन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस्लाह-ए-मुआशरा जैसे आयोजन आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। समाज से बाल विवाह, दहेज प्रथा और शादी-विवाह में फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों को दूर करने की जरूरत है। विवाह में अनावश्यक खर्च के बजाय उस राशि को बच्चों की शिक्षा पर लगाने और प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्कूली शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
*देशभर के उलेमा रखेंगे सामाजिक सुधार पर विचार*
अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन में देशभर के प्रमुख उलेमा और इस्लामी विद्वान शामिल होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समाज में एकता, शिक्षा और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देना है। इसमें प्रत्येक घर के बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा अनिवार्य करने, सामाजिक न्याय, बाल विवाह पर रोक, दहेज प्रथा के उन्मूलन, शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने तथा दूसरे समुदायों के साथ समन्वय और भाईचारा मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे उलेमा अपने विचारों और मार्गदर्शन के जरिए समाज को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
मौके पर अंजुमन इस्लामिया खड़पोस के पदाधिकारी, प्रखंड के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

