चांडिल डैम में नौका सुरक्षा पर उठे सवाल, दस्तावेजों की जांच के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
दिसंबर में पिकनिक सीजन शुरू होने से पहले चांडिल डैम में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। पड़ोसी राज्यों सहित दूर-दराज से पहुंच रहे पर्यटक नौका विहार का आनंद ले रहे हैं। लेकिन बढ़ती भीड़ के बीच नौका संचालन की सुरक्षा व्यवस्था और वैधता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी नाव संचालकों को नावों के पंजीकरण, बीमा और चालकों के प्रशिक्षण से संबंधित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मोटरयान निरीक्षक, पर्यटन समन्वयक सहित संबंधित पदाधिकारी और नाव संचालक उपस्थित थे।
*एकरारनामा समाप्त, वसूली का मामला भी लंबित*
उपलब्ध सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, चांडिल डैम में नौका संचालन के लिए 14 अगस्त 2006 को हुआ एकरारनामा 31 मार्च 2007 को ही समाप्त हो गया था। वहीं, 1 करोड़ 6 लाख 50 हजार 681 रुपये की वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद भी दर्ज है। ऐसे में वर्तमान में संचालित नौकाओं की वैधता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिहाज से सभी नौकाओं के पंजीकरण और बीमा के साथ पर्याप्त लाइफ जैकेट, बचाव उपकरण तथा प्रशिक्षित चालकों की उपलब्धता की स्थल जांच आवश्यक है। सुरक्षा मानकों में चूक से कोई अनहोनी होने पर जवाबदेही किसकी होगी, यह भी प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए। पर्यटन के उत्साह में यात्रियों की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए।

